माओवादियों की सेंट्रल कमेटी का सदस्य सहदेव मारा गया
रांची | संवाददाता: हजारीबाग जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने मुठभेड़ में एक करोड़ रुपये के इनामी और भाकपा (माओवादी) की सेंट्रल कमिटी के सदस्य सहदेव सोरेन समेत तीन नक्सलियों को मारने का दावा किया है.
यह मुठभेड़ गोरहर थाना क्षेत्र के पनतीतरी के जंगली इलाके में हुई. यह इलाका बोकारो और गिरिडीह जिलों की सीमा से सटा हुआ है. यहां कोबरा बटालियन और गिरिडीह व हजारीबाग पुलिस की संयुक्त टीम ने सहदेव सोरेन के दस्ते से मुठभेड़ की.
मुठभेड़ खत्म होने के बाद चलाए गए सघन तलाशी अभियान में सुरक्षाबलों को तीन शव मिले. इनमें से एक की पहचान एक करोड़ के इनामी नक्सली कमांडर सहदेव सोरेन के रूप में हुई. बाकी दोनों शव भी नक्सलियों के हैं. सुरक्षाबल अभी भी इलाके में तलाशी अभियान चला रहे हैं. संभावना है कि मुठभेड़ में कुछ और नक्सली घायल हुए होंगे.
सहदेव सोरेन लंबे समय से पुलिस की वांछित सूची में था और कई बड़ी नक्सली घटनाओं में शामिल रहा था. कुछ महीने पहले ही झारखंड पुलिस ने उस पर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित किया था. सुरक्षाबलों का यह अभियान अब भी जारी है.