शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

मणिपुर मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह का इस्तीफा

C

CG Khabar

09 फ़र. 2025, 01:37 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह का इस्तीफा
मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह का इस्तीफा

इंफाल | डेस्कः हिंसा में झुलसते मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने रविवार शाम अपना इस्तीफा गवर्नर को सौंप दिया. इससे पहले बीरेन सिंह ने गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी. 


बीरेन सिंह पर राज्य में 21 महीने से जारी जातीय हिंसा के चलते काफी दबाव था। विपक्षी पार्टियां भी लगातार एनडीए से इस मुद्दे पर सवाल पूछ रही थीं। 


एनडीए की सहयोगी एनपीपी ने मणिपुर सरकार से अपना समर्थन वापस ले लिया था और नेतृत्व परिवर्तन करने की मांग की थी।


मुझे माफ करें
एक महीने पहले मणिपुर हिंसा पर बीरेन सिंह ने कहा था- मुझे माफ करें. सिंह ने राज्य में हुई हिंसा और उसमें हुई जनहानि को लेकर माफी मांगी थी.


बीरेन सिंह ने कहा था कि पूरा साल बहुत दुर्भाग्यपूर्ण रहा है. इसका मुझे बहुत दुःख है. 3 मई 2023 से लेकर आज तक जो कुछ भी हो रहा है, उसके लिए मैं राज्य के लोगों से माफी मांगता हूं.


21 महीने से राज्य में मैतेई-कुकी के बीच हिंसा

मणिपुर में 3 मई 2023 से कुकी-मैतेई समुदाय के बीच हिंसा का दौर जारी है. मैतेई-कुकी समुदाय के बीच भड़की हिंसा को 600 से ज्यादा दिन बीत चुके हैं.


मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने मीडिया से चर्चा के दौरान बताया कि 'मणिपुर में मई 2023 से अक्टूबर 2023 तक गोलीबारी की 408 घटनाएं दर्ज की गईं. नवंबर 2023 से अप्रैल 2024 तक 345 घटनाएं हुईं.

 

मई 2024 से अब तक 112 घटनाएं सामने आई हैं. 

सत्ता गंवाने का था डर
माना जा रहा है कि मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह से राज्य में भाजपा के प्रति असंतोष को कम करने के लिए इस्तीफा लिया गया है. 

 

बीते महीनों प्रदेश में हुई व्यापक हिंसा ने उन्हें कठघरे में खड़ा कर दिया था. मणिपुर में 3 मई 2023 से मैतेई समुदाय और कुकी जनजाति के बीच शुरू हुई जातीय हिंसा के बाद से बीरेन सिंह की भूमिका पर लगातार सवाल उठ रहे थे.

 

सरकार को कांग्रेस के अविश्वास प्रस्ताव और शक्ति परीक्षण का अंदेशा था. 

 

कॉनराड संगमा की नेशनल पीपुल्स पार्टी के समर्थन वापस लेने के बावजूद भाजपा के पास संख्या बल मौजूद है, उसके बाद भी ऐसी संभावना थी कि राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की मांग करने वाले विधायक फ्लोर टेस्ट होने पर पार्टी व्हिप की अवहेलना कर सकते हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP