रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

भवानीपुर में ममता बनाम शुभेंदु? भाजपा की घेराबंदी से बढ़ी हलचल

C

CG Khabar

04 मार्च 2026, 06:52 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

शुभेंदु अधिकारी
शुभेंदु अधिकारी

कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर नंदीग्राम जैसा मुकाबला दोहराने की सुगबुगाहट तेज हो गई है. भारतीय जनता पार्टी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को उनके अपने गढ़ भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में ही उलझाए रखने के लिए एक विशेष रणनीति तैयार की है. 


इस योजना के केंद्र में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी हैं, जिन्हें पार्टी ने पिछले छह महीनों से भवानीपुर पर ध्यान केंद्रित करने का जिम्मा सौंपा है.

विज्ञापन


भाजपा की रणनीति ममता बनर्जी को उनके निर्वाचन क्षेत्र तक सीमित कर राज्यव्यापी चुनाव प्रचार से दूर रखने और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के मनोबल को तोड़ने की है. 


शुभेंदु अधिकारी ने हाल ही में होली के अवसर पर नंदीग्राम के बजाय भवानीपुर में सक्रियता दिखाकर अपने इरादे स्पष्ट कर दिए हैं. सूत्रों के अनुसार, यदि अंतिम समय में कोई बदलाव नहीं हुआ, तो अधिकारी एक बार फिर ममता बनर्जी के खिलाफ चुनावी मैदान में उतर सकते हैं.


भवानीपुर में हालिया चुनावी आंकड़े भी मुख्यमंत्री के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं. 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान इस विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल की बढ़त घटकर महज 8,297 रह गई थी, जबकि भाजपा ने आठ में से पांच वार्डों में बढ़त हासिल की थी. 


इसके अलावा, मतदाता सूची से लगभग 47,000 नाम हटाए जाने और करीब 14,000 नामों के विचाराधीन होने के मुद्दे पर भी सियासत गरमा गई है. 


ममता बनर्जी ने खुद आरोप लगाया है कि भाजपा जानबूझकर उनके क्षेत्र से मतदाताओं के नाम कटवा रही है, हालांकि उन्होंने जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि वे एक भी मतदाता रहने पर भी मुकाबला करेंगी. दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा के दावों को 'दिवास्वप्न' बताते हुए कहा है कि कानूनी प्रक्रियाओं के जरिए मतदाता सूची की विसंगतियों को ठीक किया जा रहा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP