छात्र हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुलिस एनकाउंटर में ढेर
लखनऊ । डेस्क: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 17 वर्षीय 11वीं के छात्र सूर्या चौहान की हत्या के मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने रविवार सुबह एक मुठभेड़ में ढेर कर दिया. पुलिस के मुताबिक, यह एनकाउंटर गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में हुआ, जहां दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया था.
उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. आरोपी असद पर पुलिस ने 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया था.
यह मामला 28 मई का है, जब खोड़ा की नवनीत विहार कॉलोनी के रहने वाले सूर्या चौहान पर कुछ युवकों ने चाकू से हमला कर दिया था. गंभीर रूप से घायल छात्र ने शुक्रवार (29 मई) को नोएडा के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
घटना के बाद पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था, जिनमें से तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपी असद फरार चल रहा था.
शुरुआती जांच में पुलिस ने इसे दोस्तों के बीच बाइक चलाने को लेकर हुआ विवाद बताया था, जबकि पीड़ित परिवार का आरोप है कि सूर्या को फोन करके साजिश के तहत बुलाया गया और उस पर हमला किया गया.
इस संवेदनशील मामले पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बसपा प्रमुख मायावती ने भी दुख जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही थी.