महतारी वंदन योजनाः होगा घर-घर सर्वे
महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों का होगा घर-घर सर्वे
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के संबंध में एक बड़ी खबर सामने आई है. सरकार अब गड़बड़ी रोकने के लिए कड़ाई करने का फैसला किया है.
लाभार्थियों का अब घर-घर सर्वे कर दस्तावेजों की जांच की जाएगी. इसमें अधूरे दस्तावेज, निर्धारित पते पर अनुपस्थिति और मृत्यु की स्थिति में नए सिरे से रिपोर्ट मंगाई जाएगी.
इस प्रक्रिया में लापरवाही पाए जाने पर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
दरअसल, महिला एवं बाल विकास विभाग की सचिव शम्मी आबिदी ने महतारी वंदन योजना के तहत लाभार्थियों की स्थिति का सही आकलन करने के लिए घर-घर सर्वे करने के निर्देश दिए हैं.
उन्होंने कहा है कि बहुत से मामलों में लाभार्थियों के दस्तावेज अधूरे पाए गए हैं. कुछ लाभार्थी निर्धारित पते पर उपलब्ध नहीं हैं और कुछ की मृत्यु हो चुकी है. ऐसे सभी मामलों में उनकी जानकारी तत्काल सत्यापन कर रिपोर्ट देने कहा गया है.
सचिव ने कहा है कि इस सर्वे का उदेश्य यह सुनिश्चित करना है कि योजना का लाभ केवल पात्र हितग्राहियों तक ही पहुंचे.
उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, बाल विकास परियोजना अधिकारियों (सीडीपीओ) और जिला कार्यक्रम अधिकारियों (डीपीओ) को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे इस काम में किसी भी तरह की लापरवाही से बचे. निरीक्षण केवल औपचारिक न होकर हितग्राहियों तक योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंचने का माध्यम होना चाहिए.
उन्होंने चेतावनी दी है कि इस मामले में थोड़ी भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
इसके अलावा जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास अधिकारी तथा क्षेत्रीय स्तर के अधिकारियों को नियमित रूप से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण करने को भी कहा है.
उन्होंने प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के हितग्राहिय़ों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए हैं.
सचिव ने कहा कि गर्भवती और धात्री माताओं और कुपोषित बच्चों को समय पर गुणवत्तापूर्ण राशन उपलब्ध कराना आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की प्राथमिक जिम्मेदारी है. राशन वितरण में किसी भी तरह की अनियमितता और देरी की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए.