महाराष्ट्र: 180 नाबालिगों का यौन शोषण, आरोपी मोहम्मद अयाज गिरफ्तार
अमरावती । डेस्क: महाराष्ट्र के अमरावती जिले में पुलिस ने कम से कम 180 नाबालिग लड़कियों के यौन उत्पीड़न के आरोप में मोहम्मद अयाज उर्फ तनवीर नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर आरोप है कि उसने लड़कियों को अपने 'प्रेम जाल' में फंसाकर उनके लगभग 350 अश्लील वीडियो बनाए.
पुलिस के अनुसार, अयाज इन लड़कियों को पुणे और मुंबई ले जाकर उनके आपत्तिजनक वीडियो शूट करता था और बाद में उन्हीं वीडियो के जरिए उन्हें ब्लैकमेल कर देह व्यापार के दलदल में धकेलता था. इनमें से कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गए थे.
इस सनसनीखेज मामले का खुलासा तब हुआ जब राज्यसभा सांसद अनिल बोंडे ने अमरावती के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद को एक ज्ञापन सौंपा. सांसद ने आरोप लगाया कि आरोपी व्हाट्सएप और स्नैपचैट के जरिए नाबालिगों से संपर्क साधता था.
उन्होंने इस मामले में एसआईटी (विशेष जांच दल) गठित करने की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो वे पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करेंगे.
हैरानी की बात यह है कि आरोपी मोहम्मद अयाज के असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम (AIMIM) के कार्यालय में काम करने का दावा किया जा रहा है.
बताया जा रहा है कि वह पार्टी की रैलियों के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालता था, जिन्हें शिकायत सामने आने के बाद डिलीट कर दिया गया है.
वहीं, स्थानीय अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने भी आरोपी के खिलाफ सख्त सजा की मांग करते हुए थाने का घेराव किया. उनका कहना है कि ऐसे व्यक्ति की वजह से पूरे समुदाय की छवि खराब हो रही है. फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है.