मादुरो और उनकी पत्नी को न्यूयॉर्क लाया जा रहा है- ट्रंप
वॉशिंगटन । डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को एक चौंकाने वाले घटनाक्रम में घोषणा की है कि संयुक्त राज्य अमेरिका ने वेनेजुएला में एक बिजली की तेजी से सैन्य अभियान चलाकर वहां के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सीलिया फ्लोरेस को पकड़ लिया है. ट्रंप के अनुसार, मादुरो और उनकी पत्नी इस समय अमेरिकी युद्धपोत 'इवो जीमा' पर सवार हैं और उन्हें न्यूयॉर्क ले जाया जा रहा है, जहां उन पर मादक पदार्थ आतंकवाद (नार्को-टेररिज्म) के आरोपों के तहत मुकदमा चलाया जाएगा.
फॉक्स न्यूज को दिए एक साक्षात्कार में ट्रंप ने बताया कि यह ऑपरेशन शनिवार तड़के किया गया. उन्होंने कहा कि अमेरिका अब इस पर निर्णय लेगा कि वेनेजुएला का भविष्य क्या होगा और वहां शासन कौन संभालेगा.
राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया कि अमेरिका वेनेजुएला के तेल उद्योग में "बहुत मजबूती से" शामिल होगा. ट्रंप के अनुसार, इस ऑपरेशन के दौरान एक अमेरिकी हेलीकॉप्टर पर हमला हुआ और कुछ सैनिक घायल हुए, लेकिन किसी की जान जाने की खबर नहीं है.
वेनेजुएला की सत्ताधारी पार्टी के नेता नाहूम फर्नांडीज ने पुष्टि की कि मादुरो और उनकी पत्नी को फोर्ट ट्यूना सैन्य प्रतिष्ठान स्थित उनके आवास से पकड़ा गया.
उन्होंने इस कार्रवाई को राष्ट्रपति का "अपहरण" करार दिया है. दूसरी ओर, विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो ने इस बदलाव का स्वागत करते हुए देश में व्यवस्था बहाल करने और राजनीतिक बंदियों को रिहा करने की बात कही है.
फिलहाल, सीआईए के सूत्रों का कहना है कि वेनेजुएला सरकार के भीतर मौजूद एक मुखबिर की मदद से मादुरो की सटीक लोकेशन का पता लगाया गया था. (फोटो- गिरफ्तार मादुरो)