मध्यप्रदेश: छात्रा को बहला-फुसलाकर SUV में किया गैंगरेप
भोपाल । डेस्क: मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के आमला थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय नाबालिग स्कूल छात्रा को बहला-फुसलाकर गाड़ी में अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है.
घटना यह घटना बीते शुक्रवार को हुई जब नौवीं कक्षा की छात्रा स्कूल से घर लौट रही थी. तभी एक लग्जरी एसयूवी में सवार तीन युवक आए और उसे घर छोड़ने की पेशकश की. छात्रा उनके झांसे में आकर गाड़ी में बैठ गई.
गाड़ी में बैठने के बाद, तीनों युवक उसे दूसरी जगह ले गए. छात्रा को बताया गया कि गाड़ी का कुछ काम है, जिसे निपटाकर वे उसे घर छोड़ देंगे. हालांकि, शाम होते ही उन्होंने गाड़ी के अंदर ही किशोरी के साथ हैवानियत शुरू कर दी.
आरोप है कि पीछे की सीट पर बैठे दो युवकों ने नाबालिग से दुष्कर्म किया. जबकि गाड़ी चला रहे तीसरे युवक ने बाद में किशोरी के साथ छेड़छाड़ की. सामूहिक दुष्कर्म के बाद आरोपियों ने पीड़िता को आमला रेलवे स्टेशन के पास छोड़कर फरार हो गए.
सामूहिक दुष्कर्म से डरी हुई नाबालिग घर नहीं लौटी और रात भर स्टेशन पर ही रही. अगले दिन, शनिवार को करीब 10 बजे, रेलवे पुलिसकर्मियों ने स्टेशन के वेटिंग रूम में उसे हताश और सदमे की स्थिति में देखा.
पुलिस के पूछने पर नाबालिग ने आपबीती सुनाई. इसके बाद उसके माता-पिता को सूचित किया गया. माता-पिता ने बताया कि बेटी के रात भर घर न लौटने पर उन्हें लगा था कि वह किसी दोस्त के घर रुक गई होगी, क्योंकि वह पहले भी ऐसा कर चुकी थी.
पुलिस कार्रवाई नाबालिग के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गाड़ी चलाने वाला तीसरा आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है. पीड़िता का इलाज चल रहा है और वह गहरे सदमे में है.