शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

लखनऊ में रईसजादे की कार ने मासूस को रौंदा

C

CG Khabar

14 फ़र. 2026, 08:49 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

कार एक्सीडेंट लखनऊ
कार एक्सीडेंट लखनऊ

लखनऊ । डेस्क: लखनऊ के बंथरा इलाके में फेयरवेल पार्टी से लौट रहे एक रईसजादे ने अपनी तेज रफ्तार कार से सड़क किनारे खड़े ऑटो और पैदल यात्रियों को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण दुर्घटना में 6 साल के मासूम दीक्षांत की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं. 


आरोपी की पहचान 21 वर्षीय गौरव सिंह के रूप में हुई है, जो उन्नाव के एक बड़े सीमेंट और स्टील व्यापारी का बेटा है.


पुलिस के मुताबिक, गौरव अपनी एक महिला मित्र के साथ पार्टी से लौट रहा था, तभी उसकी स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर हनुमान मंदिर के पास लोगों पर चढ़ गई. प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि चालक नशे में धुत था, हालांकि आरोपी ने टायर फटने और ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दब जाने का दावा किया है. 


घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसकी सहेली को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जिसके बाद शुक्रवार सुबह गौरव को भी गिरफ्तार कर लिया गया.


हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तारी के बाद 21 साल के गौरव ने खुद को कक्षा 12 का छात्र बताकर नाबालिग होने का ढोंग रचा ताकि वह सख्त कानूनी कार्रवाई से बच सके. 


हालांकि, पुलिस जांच में उसके शैक्षिक दस्तावेजों से खुलासा हुआ कि वह बालिग है और उसके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस भी है. क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसका लाइसेंस 6 महीने के लिए निलंबित कर दिया है. 


यह मामला कानपुर के हालिया हिट-एंड-रन केस की याद दिलाता है, जिसने रईसजादों की लापरवाही और कानून के प्रति उनके बेखौफ रवैये पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP