रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा: पुलिस प्रताड़ना के आरोप के साथ युवक ने मौत को लगाया गले

C

CG Khabar

14 मार्च 2026, 02:07 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

फांसी लगाकर आत्महत्या
फांसी लगाकर आत्महत्या

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से में उरगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पताड़ी में एक 21 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. जांजगीर-चांपा के चोरभट्टी गांव का निवासी सनत कश्यप, जो एक ऑटोमोबाइल वर्कशॉप में मैकेनिक के तौर पर कार्यरत था, उसने आत्मघाती कदम उठाने से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड कर अपने दोस्तों को भेजा. 


इस वीडियो में उसने किसी पारिवारिक कलह के बजाय पुलिस के दुर्व्यवहार को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है.

विज्ञापन


घटनाक्रम के अनुसार, सनत का रूम पार्टनर धीरेंद्र पाटले शुक्रवार को एक युवती के साथ कहीं चला गया था, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पंतोरा थाने में दर्ज थी. 


आरोप है कि इसी मामले की तफ्तीश के दौरान पंतोरा पुलिस ने सनत को फोन किया और उसके साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की. 


मृतक ने अपने अंतिम वीडियो संदेश में रोते हुए कहा कि उसका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन पुलिस द्वारा दी गई धमकियों और अपमानजनक व्यवहार ने उसे मानसिक रूप से तोड़ दिया है. उसने वीडियो में स्पष्ट किया कि वह पुलिस के डर और तनाव के कारण यह कदम उठा रहा है.


परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और क्षेत्र में इस घटना के बाद पुलिसिया कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है. चार भाइयों में सबसे छोटे सनत की मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं कि क्या जांच के नाम पर निचले स्तर के पुलिसकर्मियों का व्यवहार किसी को जान देने पर मजबूर कर सकता है. 


फिलहाल, उरगा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की सूक्ष्मता से जांच शुरू कर दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP