कोरबा: झोलाछाप डॉक्टर के गलत इंजेक्शन से युवक की मौत
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में झोलाछाप डॉक्टर के गलत इंजेक्शन लगाने से 28 वर्षीय युवक हर प्रसाद सोनवानी को अपनी जान गंवानी पड़ी. मामूली चोट के इलाज के लिए गए युवक की तबीयत इस कदर बिगड़ी कि अंततः इलाज के दौरान सोमवार (5 अक्टूबर) को उसकी मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, जबकि आरोपी कथित डॉक्टर वारदात के बाद से फरार है और उसका मोबाइल बंद आ रहा है.
घटनाक्रम की शुरुआत रक्षाबंधन के समय हुई थी, जब बेंदलकोना गांव निवासी हर प्रसाद बाइक दुर्घटना में अचानक सड़क पर आ गए कुत्ते से बचते हुए गिर पड़े थे. घुटने में आई हल्की चोट का इलाज कराने वह तरदा गांव में किराए के मकान में क्लिनिक चला रहे मुरली मनोहर उर्फ महाराज नाम के झोलाछाप के पास पहुंचे.
वहां उसे कमर में इंजेक्शन लगाया गया, जिसके दो दिन बाद ही शरीर में तेज दर्द, खिंचाव और नीले निशान के साथ गंभीर इंफेक्शन फैल गया.
परिजन जब मरीज को कोरबा मेडिकल कॉलेज ले गए, तो डॉक्टर ने इंफेक्शन की पुष्टि की. इसके बाद आरोपी झोलाछाप ने खुद बीच में आकर बेहतर इलाज का झांसा देकर मरीज को टीपी नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ.
गंभीर हालत को देखते हुए जब परिजन उसे 9 सितंबर को रायपुर एम्स और फिर प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल मेकाहारा लेकर पहुंचे, तो दोनों ही जगह बेड खाली न होने का हवाला देकर मरीज को लौटा दिया गया.
अंततः निराश परिजन युवक को वापस कोरबा ले आए और 22 सितंबर को उसे दोबारा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया. यहां लगातार चले इलाज के बावजूद हर प्रसाद की स्थिति बिगड़ती चली गई और सोमवार को उसने अंतिम सांस ली.
मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था और अपने पीछे पत्नी व दो मासूम बच्चों को छोड़ गया है. सिविल लाइन थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है.