कोरबा: अनियंत्रित बाइक की टक्कर से शिक्षक की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले अंतर्गत कटघोरा विकासखंड में जेजरा गांव में हुए एक सड़क हादसे में स्कूल जा रहे शिक्षक अजय थवाईत की असमय मौत हो गई. हादसे के बाद क्षेत्र के शिक्षा जगत और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है.
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जेजरा निवासी शिक्षक अजय थवाईत को उनकी पत्नी स्कूल के समीप छोड़कर घर वापस लौटी ही थीं कि सड़क पार करते समय एक बेकाबू बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी तेज थी कि वह सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए. सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल शिक्षक को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार एक युवक भी घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि उसका दूसरा साथी हादसे के तुरंत बाद मौके से फरार हो गया.
कटघोरा पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस की प्राथमिक जांच के मुताबिक, दुर्घटना का मुख्य कारण बाइक की अत्यधिक गति रही.
इस हृदयविदारक घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और स्थानीय लोगों का कहना है कि जेजरा स्कूल के समीप से अक्सर तेज रफ्तार वाहन गुजरते हैं, जिससे हर वक्त हादसे का खतरा बना रहता है. स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल के आसपास तुरंत स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं और ट्रैफिक नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी और को अपनी जान न गंवानी पड़े.