कोरबा: हाथी के हमले में धान खरीदी केंद्र प्रभारी की मौत
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मंगलवार देर रात एक भीषण हादसा हुआ, जहाँ कुदमुरा स्थित धान खरीदी केंद्र के प्रभारी राजेश कुमार सिंह (55 वर्ष) को एक जंगली हाथी ने कुचलकर मार डाला. यह घटना कुदमुरा गांव के कोरकोमा जनजातीय सेवा सहकारी समिति केंद्र में रात करीब 2 बजे हुई. खबरों के अनुसार, हाल ही में धान चोरी की शिकायतों के बाद राजेश कुमार सिंह को वहां का प्रभारी नियुक्त किया गया था.
सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वे अपनी पत्नी और तीन अन्य कर्मचारियों के साथ रात में वहीं रुक रहे थे.
देर रात जब एक जंगली हाथी केंद्र में दाखिल हुआ, तो राजेश ने टॉर्च और शोर के जरिए उसे भगाने की कोशिश की, लेकिन हाथी ने उन पर हमला कर दिया.
इस दौरान वहां भगदड़ मच गई, जिसमें उनकी पत्नी और बाकी कर्मचारी बाल-बाल बच गए, लेकिन राजेश हाथी की चपेट में आ गए. कोरबा वन संभाग के एसडीओ सूर्यकांत सोनी ने पुष्टि की है कि सीसीटीवी फुटेज में हाथी के हमले की घटना दर्ज हुई है.
प्रशासन ने मृतक की पत्नी को तत्काल 25,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की है, जबकि औपचारिकताएं पूरी होने के बाद कुल 6 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा. फिलहाल वन विभाग की टीम और 'हाथी-मित्र' दल इलाके में गश्त कर रहे हैं और ग्रामीणों को सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है. Symbolic Photo