शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा: नाले को पार करते समय तेज बहाव में बहा बुजुर्ग

C

CG Khabar

07 जुल. 2026, 03:46 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

नदी में डूबना
नदी में डूबना

कोरबा । संवाददाता: जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. यहां रामपुर से लगी डेंगूनाला बस्ती में उफान पर आए नाले को पार करते समय 60 वर्षीय एक बुजुर्ग पानी के तेज बहाव में बह गए, जिससे उनकी मौत हो गई. वहीं, उनकी पत्नी ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई.


प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक गोरे लाल (60 वर्ष) और उनकी पत्नी जान बाई (58 वर्ष) रामपुर बस्ती के निवासी थे. यह बुजुर्ग दंपत्ति आसपास के इलाकों में भीख मांगकर अपना जीवन यापन करता था. 

विज्ञापन

सोमवार सुबह दोनों बालको बस्ती से भीख मांगकर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में पड़ने वाला डेंगूनाला भारी बारिश के कारण उफान पर था.


पति-पत्नी ने नाले को पार करने का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव अचानक बेहद तेज हो गया और दोनों बहने लगे. जान बाई ने सूझबूझ और साहस दिखाते हुए तैरकर अपनी जान बचा ली, लेकिन गोरे लाल पानी के तेज वेग के साथ आगे बह गए.


नाले के किनारे मौजूद स्थानीय लोगों ने गोरे लाल को बहता देख तुरंत उन्हें पानी से बाहर निकाला. उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है. 


परिजनों के मुताबिक, मृतक गोरे लाल के परिवार में अब उनकी पत्नी के अलावा एक बेटी है जो अभी पढ़ाई कर रही है. घर के मुख्य कमाऊ सदस्य की मौत के बाद परिवार के सामने गहरा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.

 

जिले में सोमवार सुबह से ही मूसलाधार बारिश का दौर जारी है, जिससे नदी-नाले उफान पर हैं और कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है. अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 6 जुलाई तक जिले में कुल 205.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है. मौसम और हालातों को देखते हुए जिला प्रशासन ने आम जनता के लिए अलर्ट जारी किया है. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP