शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा: बड़े भाई ने छोटे भाई को मौत के घाट उतारा

C

CG Khabar

22 जुल. 2026, 02:05 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

कुल्हाड़ी
कुल्हाड़ी

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में महज खाना खाने में हो रही देरी को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया. बांगो थाना अंतर्गत ग्राम नामलेपरा (नानलेपरा) में बड़े भाई ने गुस्से में आकर अपने ही छोटे भाई पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया. 


इस हमले में गंभीर रूप से घायल छोटे भाई की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई. घटना के बाद से ही आरोपी भाई फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है.

विज्ञापन


बांगो थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश वर्मा के अनुसार, मृतक की पत्नी प्रमिला धनवार की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है. 


पुलिस टीम ने वारदात में इस्तेमाल खून से सनी कुल्हाड़ी को जब्त कर लिया है और परिजनों के बयान दर्ज किए हैं. शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, वहीं जंगलों की तरफ भागे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.


प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात 42 वर्षीय मथुरा धनवार अपनी पत्नी के साथ अपने बड़े भाई 45 वर्षीय कैलाश धनवार के घर रात का खाना खाने पहुंचा था. भोजन करने के बाद मथुरा घर के आंगन में चला गया, जबकि उसकी पत्नी अंदर ही खा रही थी. 


मथुरा बार-बार आंगन से अपनी पत्नी को जल्दी खाना खत्म कर बाहर आने के लिए आवाज दे रहा था. उसकी इस जिद और लगातार आवाज लगाने से बड़ा भाई कैलाश बेहद आक्रोशित हो गया.


आपस में बढ़ते विवाद के बीच कैलाश ने अपना आपा खो दिया और घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर आंगन में मौजूद मथुरा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. 


अचानक हुए इस हमले से मथुरा खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा. 


चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस के जरिए घायल को पौड़ी उपरोड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी कैलाश गांव से सटे जंगलों की ओर भाग निकला.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP