शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा: दिव्यांग बेटे ने मां को उतारा मौत के घाट

C

CG Khabar

27 जून 2026, 01:44 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

हत्या
हत्या

कोरबा । संवाददाता: कोरबा जिले के उरगा थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम चीतापाली में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहाँ पारिवारिक संपत्ति के लालच में एक बेटे ने अपनी ही जननी की बेरहमी से हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने आए वृद्ध पिता को पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. 


इस खूनी संघर्ष की मुख्य वजह लंबे समय से चल रहा जमीन के बंटवारे का विवाद बताया जा रहा है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारे बेटे को अपनी गिरफ्त में ले लिया है.

विज्ञापन


घटनाक्रम के अनुसार, चीतापाली निवासी श्याम लाल यादव का छोटा बेटा रामकुमार यादव, जो कि दिव्यांग है और लाठी के सहारे चलता है, काफी समय से अपने माता-पिता पर जमीन का हिस्सा देने का दबाव बना रहा था. शुक्रवार की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच उसने एक बार फिर इस मुद्दे को उठाया. 


जब बुजुर्ग माता-पिता ने अभी बंटवारा करने से इंकार किया, तो रामकुमार का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. उसने तैश में आकर अपने ही सहारे वाली लाठी से मां जानकुंवर के सिर पर प्राणघातक हमला कर दिया. सिर पर लगी गंभीर चोट के कारण वृद्ध महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.


माँ को मौत की नींद सुलाने के बाद भी जब आरोपी का दिल नहीं भरा, तो उसने अपने पिता श्याम लाल पर भी लाठी से ताबड़तोड़ वार कर दिए. इस हमले में बुजुर्ग पिता का एक पैर टूट गया और उनके शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं. 


वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा रात के अंधेरे में मौके से फरार हो गया, जिसके कारण मृतका का शव पूरी रात घर के भीतर ही पड़ा रहा. शनिवार की सुबह जब ग्रामीणों और पुलिस को इस जघन्य कांड की भनक लगी, तो इलाके में सनसनी फैल गई.


उरगा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक नवीन पटेल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत गांव पहुंचकर स्थिति को संभाला. पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है, वहीं गंभीर रूप से जख्मी पिता श्याम लाल को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने आरोपी रामकुमार को ढूंढ निकाला और उसे हिरासत में ले लिया है.  

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP