कोरबा: बालको के ठेका श्रमिक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
कोरबा । संवाददातता: कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत चिकनीपाली गांव में 50 वर्षीय पूरन सिंह कंवर ने अपने घर से कुछ ही दूरी पर स्थित खेत में पेड़ से फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. बताया जा रहा है कि मृतक बालको प्लांट की एक ठेका कंपनी में कार्यरत था और पिछले कुछ समय से अत्यधिक मानसिक तनाव से गुजर रहा था.
घटना की जानकारी रविवार की सुबह तब हुई जब ग्रामीणों ने खेत में पेड़ से लटका शव देखा और परिजनों को सूचित किया. इसके बाद उरगा थाना पुलिस को खबर दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया और शुरुआती जांच की, हालांकि मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
परिजनों के अनुसार, पूरन सिंह पिछले 5 दिनों से काम पर नहीं जा रहा था. जब भी घर वाले उसे ड्यूटी पर जाने को कहते, वह कोई न कोई बहाना बना देता था.
शनिवार की रात को भी वह भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था, लेकिन रविवार सुबह वह घर में मौजूद नहीं था. आशंका जताई जा रही है कि वह देर रात या तड़के खेत की तरफ गया और यह आत्मघाती कदम उठा लिया.