कोरबा: हीट स्ट्रोक से लगभग 200 चमगादड़ों की मौत
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक गाँव में लगभग 200 चमगादड़ मृत पाए गए हैं. वन विभाग के अधिकारियों को आशंका है कि इन चमगादड़ों की मौत इलाके में चल रही भीषण गर्मी और लू के कारण हुई है.
मिली जानकारी के अनुसार, पाली नगर पंचायत के नौकोनिया तालाब के किनारे लगे पेड़ों पर हजारों चमगादड़ों ने अपना डेरा डाला हुआ था. शनिवार को स्थानीय ग्रामीणों ने देखा कि भारी संख्या में चमगादड़ जमीन पर मृत पड़े हैं, जबकि कई पेड़ों पर बेजान लटके हुए हैं.
ग्रामीणों की सूचना के बाद वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुँची. कटघोरा के वन मंडलाधिकारी (DFO) कुमार निशांत ने रविवार को बताया कि शुरुआती जाँच में ऐसा लग रहा है कि करीब 200 चमगादड़ों की मौत हीटस्ट्रोक (लू लगने) की वजह से हुई है. हालांकि, मौत के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पशु चिकित्सा विभाग ने मृत चमगादड़ों के सैंपल इकट्ठे कर लिए हैं.
मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को कोरबा क्षेत्र में तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया था. अधिकारियों का कहना है कि हर साल फरवरी और मार्च के महीने में बड़ी संख्या में चमगादड़ पाली के इस तालाब के पास आते हैं, लेकिन इस साल उनकी आबादी पिछले वर्षों की तुलना में काफी ज्यादा थी. Symbolic Photo.