कोरबा: SECL खदान में 170 फीट गहराई में गिरने से दिव्यांग की मौत
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एसईसीएल की मानिकपुर कोयला खदान में कोयला चोरी के प्रयास के दौरान 42 वर्षीय दिव्यांग व्यक्ति भगत कुमार मरावी 170 फीट गहरी खाई में गिर गया. जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुदारी गांव के निवासी भगत कुमार मरावी बुधवार दोपहर खदान में कोयला निकालने पहुंचे थे. इसी क्रम में वे असंतुलित होकर गहरे गड्ढे में सिर के बल जा गिरे.
हादसे के बाद काफी देर तक वे घर नहीं लौटे, जिससे परिजन और ग्रामीण चिंतित हो गए.
गुरुवार सुबह खोजबीन के दौरान उनका शव खदान की गहराई में पड़ा मिला. सूचना मिलते ही मानिकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
जानकारी के मुताबिक, मृतक एक पैर से दिव्यांग थे और उन्हें मिर्गी की समस्या भी थी. परिवार में उनकी पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं, जबकि माता-पिता का पहले ही देहांत हो चुका है. वे परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे, जिससे अब परिवार गहरे संकट में पड़ गया है.
मानिकपुर खदान के आसपास रापाखरा, कुदारी, ढेलवाडीह, दादर मानिकपुर, भिलाई खुर्द, सीतामणी और इमलीडुग्गू सहित कई गांव बसे हैं. इन इलाकों से खदान में कोयला चोरी की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रहती हैं. पुलिस पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है और कोयला चोरी की रोकथाम के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा सकते हैं.