कोलकाता: अडानी ग्रुप बनाएगा 2,000 बेड का आधुनिक अस्पताल
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल के न्यू टाउन क्षेत्र में जल्द ही एक अत्याधुनिक 2,000 बेड वाले अस्पताल का निर्माण होने जा रहा है. इस भव्य चिकित्सा परियोजना का जिम्मा उद्योगपति गौतम अडानी के अडानी ग्रुप ने लिया है. सबसे खास बात यह है कि इस अस्पताल के कुल बिस्तरों में से आधे, यानी 1,000 बेड गरीब मरीजों के मुफ्त इलाज के लिए आरक्षित रहेंगे.
इस महत्वपूर्ण परियोजना की घोषणा राज्य के वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी ने की. भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में नागरिक समाज के सदस्यों और व्यापारिक प्रतिनिधियों के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने पिछले दो महीनों में सरकार द्वारा उठाए गए कदमों और विकास कार्यों का ब्योरा दिया. इसी बैठक में उन्होंने इस बड़े निवेश की जानकारी साझा की.
सुवेंदु अधिकारी ने बताया कि अडानी ग्रुप ने न्यू टाउन इलाके में 2,000 बेड का आधुनिक अस्पताल बनाने की लिखित प्रतिबद्धता (कमिटमेंट) दे दी है. इस योजना के तहत 1,000 बेड पर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों का पूरी तरह निशुल्क इलाज किया जाएगा, जबकि बाकी 1,000 बेड का संचालन व्यावसायिक तौर पर होगा.
अलीपुर सिटीजंस एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में प्रबुद्ध नागरिकों और उद्यमियों ने हिस्सा लिया. हालांकि, इस अस्पताल के निर्माण पर आने वाली कुल लागत, परियोजना के समय और निवेश से जुड़ी अन्य विस्तृत जानकारियां अभी सार्वजनिक नहीं की गई हैं.
न्यू टाउन जैसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्र में इस स्तर के अस्पताल के बनने से न केवल स्वास्थ्य ढांचा मजबूत होगा, बल्कि गरीबों को भी विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी.