कोलकाता: होटल में आग लगने से 9 की मौत, बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के पॉश न्यू मार्केट क्षेत्र में मिर्जा गालिब स्ट्रीट (फ्री स्कूल स्ट्रीट) स्थित एक पांच मंजिला इमारत में बुधवार तड़के अचानक भीषण आग लग गई. इस दर्दनाक हादसे में एक चार साल के मासूम बच्चे और महिलाओं समेत कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं.
इमारत के भीतर संचालित हो रहे होटलों में ठहरे अधिकांश लोग इलाज के सिलसिले में कोलकाता आए बांग्लादेशी नागरिक और देश के अन्य राज्यों के पर्यटक थे.
यह हादसा रात करीब 1:45 बजे हुआ जब होटल में ठहरे ज्यादातर लोग सो रहे थे. आग लगते ही पूरी इमारत में घना धुआं भर गया.
संकरी गलियों और मुख्य निकास द्वार पर ताला बंद होने के कारण लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला, जिससे दम घुटने के कारण भारी जनहानि हुई.
सूचना मिलते ही दमकल की 5 गाड़ियां, स्थानीय पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. बचाव अभियान चलाकर फंसे हुए 28 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
अधिकारियों के अनुसार, आग लगने का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजहों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक जांच के निर्देश दिए गए हैं.
दमकल विभाग ने होटल प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और अवैध निर्माण के गंभीर आरोप लगाए हैं.
हादसे के बाद से होटल मालिक फरार है, जिसके खिलाफ न्यू मार्केट थाने में मामला दर्ज कर तलाश जारी है.
राज्य के अग्निशमन मंत्री कौशिक चौधरी ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अग्निशमन नियमों का उल्लंघन करने वाले होटलों के लाइसेंस रद्द किए जाएंगे और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.