रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

करगी रोड रेल हादसा: लापरवाही पड़ी भारी, 10 आरोपी गिरफ्तार

C

CG Khabar

15 जुल. 2026, 02:40 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

आरोपी गिरफ्तार
आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर । संवाददाता: बिलासपुर के पास करगी रोड रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जहां एक मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए. रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस तकनीकी और मानवीय लापरवाही के मामले को महज 10 घंटों के भीतर सुलझा लिया है. 


इस मामले में अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि घटना का मुख्य आरोपी और निजी ठेकेदार पवन नायक फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

विज्ञापन


यह पूरी घटना 13 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 2:20 बजे की है, जब करगी रोड स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 के लाइन नंबर 3 पर एक खाली मालगाड़ी के तीन डिब्बे अचानक बेपटरी हो गए. शुरुआती जांच में सामने आया कि रेलवे ट्रैक पर जेसीबी मशीन का एक भारी-भरकम बाल्टी छूटा हुआ था, जिससे टकराकर यह हादसा हुआ.


जांच के दौरान जब आरपीएफ ने कड़ियां जोड़ीं, तो बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ. अनूपपुर जिले के करपा निवासी निजी ठेकेदार पवन नायक ने इंदौर से जेसीबी का बाल्टी मंगवाया था. इस भारी उपकरण को नियमों को ताक पर रखकर इंदौर-बिलासपुर नर्मदा एक्सप्रेस के ए-1 (एसी) कोच में एक अटेंडेंट की मिलीभगत से करगी रोड स्टेशन लाया गया था. 


स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर इसे उतारने के बाद पांच-छह मजदूर इसे खींचकर प्लेटफॉर्म नंबर 1 की तरफ ले जा रहे थे. इसी दौरान मालगाड़ी को आता देख मजदूर घबरा गए और भारी बाल्टी को बीच ट्रैक पर ही छोड़कर भाग निकले, जिसके कारण यह दुर्घटना हो गई.


आरपीएफ ने इस अंधे कत्ल जैसी गुत्थी को सुलझाने के लिए इंदौर से बिलासपुर के बीच पड़ने वाले सभी रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. फुटेज में इंदौर स्टेशन पर इस जेसीबी बाल्टी को एसी कोच में लोड करते हुए देखा गया. 


इसके बाद आरपीएफ ने बिलासपुर स्टेशन पर नर्मदा एक्सप्रेस के कोच अटेंडेंट मोहम्मद शमीर को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ से मिले मोबाइल नंबरों, टावर लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसलापुर आरपीएफ पोस्ट ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को रेलवे एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया.


गिरफ्तार आरोपियों में बाल्टी का ऑर्डर देने वाला अभिषेक यादव, कोच अटेंडेंट मोहम्मद शमीर, कमलेश टेकाम, नरहर सिंह, देवा सिंह, बुद्धु सिंह, छत्रपति मरावी, लोकेश मंडावी, अनुराग मरावी और अमित यादव शामिल हैं. मामले का मुख्य सूत्रधार पवन नायक अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिसे जल्द ही गिरफ्तार करने का दावा रेलवे पुलिस कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP