शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

कबीरधाम: तीन बहनों ने एक साथ पास की नीट परीक्षा

C

CG Khabar

09 अग. 2026, 01:33 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

नीट परीक्षा
नीट परीक्षा

रायपुर । संवाददाता: कबीरधाम जिले के एक छोटे से गाँव नेउर की तीन सगी बहनों-किरण, ज्योति और सुमन महोबिया-ने एक साथ नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर मिसाल कायम की है. सीमित संसाधनों और घर के माहौल में रहकर ऑनलाइन पढ़ाई के दम पर हासिल की गई इस सफलता ने न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है.


इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ने रविवार को छात्राओं के गृह ग्राम पहुंचकर उन्हें और उनके परिजनों को बधाई दी. उन्होंने तीनों बहनों की लगन और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि एक ही परिवार की तीन बेटियों का एक साथ मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफल होना अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है. उन्होंने परिवार के सदस्यों से भेंट कर बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

विज्ञापन


तीनों बहनों की इस सफलता की राह बेहद प्रेरणादायी है. ज्योति और सुमन ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बोड़ला से स्कूली शिक्षा प्राप्त की और अपने पहले ही प्रयास में यह कठिन परीक्षा पास की. वहीं, सबसे बड़ी बहन किरण ने सरस्वती शिशु मंदिर, पांडातराई से पढ़ाई पूरी कर अपने दूसरे प्रयास में सफलता अर्जित की.


पढ़ाई की रणनीति के बारे में बात करते हुए छात्राओं ने बताया कि उन्होंने बिना किसी बड़े शहर जाए, घर पर ही रहकर ऑनलाइन कोचिंग के जरिए तैयारी की. तीनों बहनें एक-दूसरे का संबल बनीं और कठिन विषयों को मिलकर समझा.


मुलाकात के दौरान छात्राओं की स्कूली पढ़ाई, परीक्षा की तैयारी और आगामी काउंसिलिंग प्रक्रिया पर चर्चा हुई. उपमुख्यमंत्री ने उन्हें सलाह दी कि मेडिकल की पढ़ाई पूरी करने के बाद वे चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट अनुभव प्राप्त करें और डॉक्टर बनकर अपने क्षेत्र व समाज की सेवा का भाव सदैव बनाए रखें. इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP