कबीरधाम: दो बाइकों की सीधी भिड़ंत में 12 साल की मासूम समेत 4 की मौत, 2 गंभीर
बुधवार शाम करीब 6:30 बजे कबीरधाम के बनिया-गौरमाटी गांव के नजदीक दो बाइकों की जोरदार टक्कर से 4 की मौत. दुर्घटना में ग्राम बनरांका के 3 और ग्राम नवघटा के 1 व्यक्ति की मौत हो गई, वहीं 2 घायलों का थान खम्हरिया अस्पताल में इलाज चल रहा है.
कबीरधाम । संवाददाता: कबीरधाम जिले के दो गांवों में उस समय मातम पसर गया, जब एक भीषण सड़क दुर्घटना ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं. ग्राम बनरांका के तीन लोगों की एक साथ हुई मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं ग्राम नवघटा में भी एक युवक की जान जाने से सन्नाटा पसरा हुआ है.
यह दर्दनाक हादसा बुधवार शाम करीब 6:30 बजे रणवीरपुर चौकी क्षेत्र के बनिया-गौरमाटी गांव के पास हुआ, जहां दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि 12 साल की एक बच्ची समेत कुल चार लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए.
मृतकों की पहचान ग्राम बनरांका निवासी भूपेंद्र कश्यप, पंकज कश्यप और 12 वर्षीय ऋतु कश्यप के रूप में हुई है, जो एक ही बाइक पर सवार थे. दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार ग्राम नवघटा निवासी भावेश सिन्हा की भी इस दुर्घटना में मौत हो गई. इसी दूसरी बाइक पर मौजूद तोमन मरावी और भानुप्रताप सिंह गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए बेमेतरा जिले के थान खम्हरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार जारी है.
उधर, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों मृतकों के शवों को अस्पताल की मर्च्युरी में रखवा दिया है. दोनों बाइकों की भिड़ंत किन परिस्थितियों में हुई और हादसे के पीछे मुख्य कारण क्या रहे, पुलिस फिलहाल इसकी जांच में जुटी है और विस्तृत जानकारी सामने आना अभी बाकी है.