रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

जशपुर: संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता की मौत

C

CG Khabar

02 जुल. 2026, 02:33 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

शव
शव

जशपुरनगर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिला अंतर्गत तपकरा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहाँ के ग्राम केरसई स्थित घांसीमुंडा बस्ती में एक नवविवाहिता की रहस्यमयी हालातों में मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. 


मृतका की शिनाख्त 28 वर्षीय ललिता यादव के रूप में हुई है, जिसकी शादी महज एक साल पहले ही हुई थी. मायके पक्ष ने इस मामले को पूरी तरह संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जाहिर की है और पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है.

विज्ञापन


प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को ललिता का पति किसी आवश्यक कार्य से गांव से बाहर गया हुआ था. घर पर ललिता अपने सास-ससुर के साथ ही मौजूद थी. 


बुधवार की सुबह जब काफी देर होने के बाद भी ललिता अपने कमरे से बाहर नहीं आई, तो उसकी सास उसे उठाने के लिए कमरे में गई. वहां बिस्तर पर ललिता अचेत अवस्था में पड़ी हुई थी और उसके मुंह से झाग निकल रहा था. उसे मृत देख परिवार में कोहराम मच गया.


घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तुरंत ग्रामीणों और स्थानीय तपकरा थाना पुलिस को सूचित किया. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. 


मर्च्युरी में औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है. फिलहाल पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह अभी साफ नहीं हो सकी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और मामले की गहन जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP