शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

जशपुर: दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिजनों को मिली अनुकंपा नियुक्ति

C

CG Khabar

04 अक्टू. 2026, 10:35 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

अनुकंपा नियुक्ति
अनुकंपा नियुक्ति

जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस प्रशासन ने कर्तव्यनिष्ठ दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिजनों का सहारा बनते हुए संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है. एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दिवंगत जवानों के दो आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर आरक्षक जीडी (जनरल ड्यूटी) के पद पर नियुक्त किया गया है. 


विभाग की इस त्वरित पहल से अपनों को खो चुके परिवारों को न केवल आर्थिक स्थिरता मिली है, बल्कि उनके भविष्य को भी एक नया आधार मिला है.


विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, वर्ष 2009 में सेवा में आए स्व. आरक्षक जगलाल राम (क्रमांक 302) के निधन के उपरांत उनके परिवार की विषम परिस्थितियों को देखते हुए उनकी पत्नी प्रियंका भगत को पुलिस बल में अनुकंपा नियुक्ति दी गई है. 


वहीं वर्ष 2007 में भर्ती हुए स्व. आरक्षक बलपंथ राम (क्रमांक 441) की असामयिक मृत्यु के बाद उनके पुत्र टीकेश रवि को आरक्षक जीडी पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है. नए आरक्षकों को विभाग में शामिल करते हुए एसएसपी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया.


खास बात यह है कि जशपुर पुलिस लगातार अपने कर्मचारियों के परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी रही है. इससे पूर्व दिवंगत आरक्षक देव नारायण सिंह के निधन पर एसएसपी खुद उनके गांव पहुंचे थे और तेरहवीं के संस्कार के दिन ही उनके पुत्र बोनी प्रसाद सिंह को नियुक्ति पत्र सौंपा था. 


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट किया कि पुलिस महकमा एक परिवार की तरह काम करता है. किसी भी साथी के असमय चले जाने पर उसके परिजनों की पीड़ा को समझना और उन्हें सामाजिक व आर्थिक संबल देना विभाग का प्राथमिक कर्तव्य है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP