जांजगीर: वाहन चालक से गाली-गलौज करने वाले EE निलंबित
जांजगीर । डेस्क: छत्तीसगढ़ सरकार ने जांजगीर के हसदेव नहर जल प्रबंधन संभाग में पदस्थ कार्यपालन अभियंता शशांक सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. यह कार्रवाई एक ऑडियो क्लिप के सोशल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार पत्रों में वायरल होने के बाद की गई है, जिसमें वे अपने मातहत कर्मचारी के साथ बेहद आपत्तिजनक भाषा में बात करते सुने गए थे.
प्राथमिक जांच में कदाचार का मामला सही पाए जाने पर राज्य शासन ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 9(1)(a) के तहत यह कदम उठाया है.
विवाद की शुरुआत तब हुई जब कार्यपालन अभियंता और उनके दफ्तर के गाड़ी चालक शशिकांत साहू के बीच हुई बातचीत का एक कथित ऑडियो सार्वजनिक हो गया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने जांजगीर-चांपा के अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) को इस मामले की जांच सौंपी थी. जांच के दौरान दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए गए, जिसमें इस बात की पुष्टि हुई कि अधिकारी ने अपने अधीनस्थ कर्मचारी के लिए बेहद अमर्यादित और अभद्र शब्दों का प्रयोग किया था.
इसके साथ ही जांच रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि अधिकारी ने जिले के उच्च प्रशासनिक अफसरों के खिलाफ भी अशोभनीय टिप्पणियां की थीं, जिससे शासकीय सेवा और प्रशासन की छवि धूमिल हुई.
निलंबन की इस अवधि के दौरान शासकीय नियमों के तहत उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा. इस दौरान उनका मुख्यालय भी बदल दिया गया है, अब वे नवा रायपुर स्थित शिवनाथ भवन में मुख्य अभियंता कार्यालय से संबद्ध रहेंगे. राज्यपाल के नाम से इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है.