शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

जयपुर: पत्नी और तीन बेटियों की हत्या के बाद आरोपी ने पिता को चाय पिलाई और हुआ फरार

C

CG Khabar

12 सित. 2026, 06:47 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

पारिवारिक फोटो
पारिवारिक फोटो

जयपुर । डेस्क: राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और तीन मासूम बेटियों की निर्मम हत्या कर दी. चौंकाने वाली बात यह है कि इस खौफनाक कदम को अंजाम देने के बाद भी आरोपी के चेहरे पर शिकन तक नहीं थी. वारदात के बाद उसने बाकायदा दाढ़ी बनाई, स्नान किया, दूधवाले से दूध लिया और फिर अपने बीमार पिता को चाय बनाकर पिलाई. इसके बाद वह बेहद खामोशी से घर से निकलकर फरार हो गया.


घटना का खुलासा तब हुआ जब आरोपी के बुजुर्ग और बीमार पिता को काफी देर तक बहू और पोतियों की कोई आवाज सुनाई नहीं दी. संदेह होने पर जब वे किसी तरह उठकर बेटे के कमरे में पहुंचे, तो वहां का खौफनाक मंजर देखकर उनके होश उड़ गए. कमरे में बहू और तीनों पोतियां खून से लथपथ बेसुध पड़ी थीं. यह नजारा देखते ही पिता की चीख निकल गई. 


उनकी आवाज सुनकर दौड़ी आईं पड़ोसन भी कमरे का भयानक दृश्य देखकर बदहवास हो गईं. इसके बाद तुरंत स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी.


पड़ोसियों और रिश्तेदारों के अनुसार, गुरुवार रात या शुक्रवार सुबह घर से किसी भी तरह के झगड़े या चीख-पुकार की आवाज नहीं आई थी. यहां तक कि बगल के कमरे में मौजूद बुजुर्ग पिता को भी भनक नहीं लगी. 


जांच अधिकारियों का मानना है कि यह एक सोची-समझी साजिश हो सकती है. पुलिस इस आशंका की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने हत्या से पहले परिजनों को खाने में नींद की दवाई दी थी.


पारिवारिक पृष्ठभूमि की बात करें तो मृतका ब्यूटी पार्लर चलाती थीं और उनकी बड़ी बेटी ने हाल ही में एक निजी कंपनी में नौकरी शुरू की थी. आरोपी खुद का छोटा-मोटा कारोबार चलाने के साथ शेयर बाजार में निवेश करता था. 


रिश्तेदारों के मुताबिक दंपति के बीच कभी कोई बड़ा विवाद नहीं देखा गया था. फिलहाल पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्त में आने के बाद ही इस सामूहिक हत्याकांड की असली वजह सामने आ सकेगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP