रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

जगदलपुर: नगर निगम के बजट को कांग्रेस ने बताया 'कॉपी-पेस्ट'

C

CG Khabar

30 मार्च 2026, 01:44 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

जगदलपुर नगर निगम
जगदलपुर नगर निगम

जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर नगर निगम में सोमवार, 30 मार्च को वित्तीय वर्ष के लिए 2 अरब 40 करोड़ 92 लाख 84 हजार रुपए का बजट भारी हंगामे और सियासी रस्साकशी के बीच पारित कर दिया गया. सदन की कार्यवाही शुरू होते ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली, जिसके चलते बजट सत्र विकास की चर्चा के बजाय राजनीतिक अखाड़े में तब्दील हो गया. 


विपक्षी दल कांग्रेस ने बजट की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए इसे पूरी तरह 'कॉपी-पेस्ट' करार दिया है. नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने बहुमत के बल पर बिना विस्तार से चर्चा किए बजट पेश कर दिया और जवाबदेही से बचने के लिए सत्ता पक्ष के सदस्य सदन से बाहर चले गए. 

विज्ञापन


विपक्ष का तर्क है कि पिछले बजट की घोषणाएं धरातल पर शून्य हैं और शहर की जनता आज भी सड़क, पानी और सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रही है.


दूसरी ओर, महापौर संजय पांडे ने बजट का पुरजोर बचाव करते हुए इसे जगदलपुर के विकास का रोडमैप बताया है. सत्ता पक्ष के अनुसार, इस बजट में जनता की मूलभूत समस्याओं के निराकरण के साथ-साथ शहर के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है. 


बजट की सबसे बड़ी उपलब्धि के रूप में महादेव घाट पर 100 करोड़ की लागत से बनने वाले बैराज को रेखांकित किया गया है, जिससे शहर की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या के स्थायी समाधान का दावा किया गया है. 


इसके अलावा ऐतिहासिक तालाबों के संरक्षण और विकास की योजनाएं भी बजट का हिस्सा हैं. विपक्ष के कड़े विरोध और वॉकआउट के बावजूद सत्ता पक्ष ने बजट को पारित कर दिया है, लेकिन कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया है कि वे पुराने वादों के हिसाब के लिए सदन से लेकर सड़क तक अपना संघर्ष जारी रखेंगे.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP