जगदलपुर: पूर्व BJP MLA संतोष बाफना के व्यावसायिक परिसर की छत पर मिला 20 वर्षीया युवती का शव
जगदलपुर के बाफना हाउस परिसर की छत पर कपड़े की दुकान में काम करने वाली 20 वर्षीया दीपा सागर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है. पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, वहीं परिजनों ने न्याय की गुहार लगाई है.
जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के जगदलपुर स्थित एक व्यावसायिक परिसर की छत पर सोमवार को 20 वर्षीया युवती का शव बरामद हुआ है. पुलिस को मौके से एक संदिग्ध सुसाइड नोट मिला है और प्रारंभिक रूप से आत्महत्या का मामला संदिग्ध जताया जा रहा है.
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के अनुसार, मृतक महिला की पहचान दीपा सागर के रूप में हुई है. वह पूर्व विधायक संतोष बाफना के मालिकाना हक वाले 'बाफना हाउस' परिसर स्थित एक कपड़े की दुकान में कार्य करती थी. जांच में सामने आया कि दीपा ने 21 अक्टूबर को ही इस दुकान में काम शुरू किया था. रविवार शाम लगभग 6:30 बजे वह दुकान की छत की तरफ गई थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी.
सोमवार सुबह जब एक अन्य महिला कर्मचारी किसी काम से छत पर गई, तब उसने शव देखकर दुकान मालिक और अन्य कर्मचारियों को सूचित किया. पुलिस ने बताया कि युवती के गले में फटा हुआ दुपट्टा बंधा मिला, जबकि दुपट्टे का दूसरा सिरा एक पाइप से लटक रहा था.
आशंका जताई जा रही है कि फांसी लगाने के दौरान दुपट्टा टूटने से शव छत पर गिर गया होगा. पुलिस को मौके से एक छोटा नोट भी मिला है, जिसमें महिला ने अपनी स्वेच्छा से कदम उठाने और किसी को परेशान न करने की बात लिखी है. अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि मौत की सही वजह विस्तृत जांच के बाद ही साफ हो पाएगी.
दूसरी ओर, मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनके पहुंचने से पहले ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी थी. परिजनों ने न्याय की मांग की है.
दीपा की मौसी बेला ने दावा किया कि रविवार शाम 6:30 बजे जब वे उसे खोजने दुकान पहुंचे, तो बताया गया कि वह जा चुकी है. बाद में उसका मोबाइल फोन घर पर लाकर छोड़ा गया था. सोमवार सुबह परिजन फिर दुकान पहुंचे और लगभग एक घंटे के इंतजार के बाद उन्हें दीपा की मौत की सूचना दी गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.