बिलासपुर: श्रीराम केयर हॉस्पिटल में कान दर्द का इलाज कराने पहुंची महिला की मौत
कान दर्द के इलाज के दौरान हार्ट ब्लॉकेज बताकर की गई एंजियोप्लास्टी, महिला की मौत के बाद परिजनों ने श्रीराम केयर हॉस्पिटल में काटा हंगामा.
बिलासपुर । संवाददाता: मस्तूरी के ठाकुरदेवा की निवासी सुखम बाई साहू को उनके परिजन कान में दर्द की शिकायत के कारण श्रीराम केयर हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे. वहां से उन्हें कोनी स्थित सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अभिषेक कुमार ने जांच के बाद महिला के दिल में ब्लॉकेज होने की जानकारी दी.
डॉक्टर ने परिजनों को एंजियोग्राफी और उसके बाद एंजियोप्लास्टी कराने का सुझाव दिया.
इसके बाद महिला को पुनः श्रीराम केयर हॉस्पिटल लाया गया, जहाँ डॉ. अभिषेक कुमार द्वारा उनकी एंजियोप्लास्टी की गई. हालांकि, उपचार के दौरान ही सुखम बाई की मौत हो गई.
अपनी मां को खो चुकीं बेटी संगीता साहू ने अस्पताल प्रबंधन और संबंधित डॉक्टरों पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. उन्होंने दोषी पाए जाने वाले डॉक्टरों और प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई के साथ-साथ अस्पताल का लाइसेंस रद्द करने की भी मांग उठाई है.
महिला की मृत्यु की खबर फैलते ही परिजन भड़क गए और रविवार को अस्पताल परिसर में जमकर नारेबाजी और हंगामा करने लगे.
घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन सीएसपी और थाना प्रभारी तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया. फिलहाल सिविल लाइन थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की विधिक जांच शुरू कर दी है.
दूसरी तरफ, श्रीराम केयर हॉस्पिटल प्रबंधन ने परिजनों द्वारा लगाए गए लापरवाही के तमाम आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है. प्रबंधन का दावा है कि उपचार में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती गई. हालांकि, महिला की मृत्यु के सटीक कारणों और दी गई चिकित्सीय प्रक्रिया पर अस्पताल का विस्तृत पक्ष आना अभी बाकी है.