जगदलपुर: करंट वाले तार की चपेट में आने से 12 वर्षीय मासूम की मौत
जगदलपुर । संवाददाता: बस्तर जिले के भानपुरी थाना क्षेत्र स्थित ग्राम बनियागांव में सोमवार सुबह फुट्टू (मशरूम) बीनने के लिए खेत की ओर जा रही 12 वर्षीय बच्ची लेमाशी अचानक विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
भानपुरी थाना प्रभारी के अनुसार, खेत के मालिक ने मवेशियों और जंगली जानवरों से अपनी फसल की सुरक्षा के लिए चारों तरफ तार बिछाकर उसमें करंट छोड़ रखा था.
मासूम बच्ची इस खतरे से अनजान होकर वहां से गुजर रही थी और तार के संपर्क में आ गई. घटना के बाद गांव के ही डमरू नामक व्यक्ति ने बच्ची को पड़ा देख तुरंत ग्रामीणों और परिजनों को इसकी जानकारी दी.
घटना की सूचना मिलते ही भानपुरी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और खेत में अवैध रूप से करंट प्रवाहित करने वाले के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है.