क्या प्रधानमंत्री के लिए मातृभूमि से बढ़कर है तथाकथित पितृभूमि ?- जयराम रमेश
नई दिल्ली । डेस्क: कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने पश्चिम एशिया के मौजूदा संकट और इजरायल-लेबनान युद्ध को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है. जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट साझा करते हुए पीएम मोदी की "पूर्ण चुप्पी" पर सवाल उठाए और पूछा कि क्या उनके लिए "तथाकथित पितृभूमि" अपनी वास्तविक "मातृभूमि" से अधिक मायने रखती है.
कांग्रेस नेता का यह बयान प्रधानमंत्री द्वारा पूर्व में भारतीय यहूदियों के संदर्भ में इजरायल को 'पितृभूमि' और भारत को 'मातृभूमि' बताए जाने के संदर्भ में आया है.
कांग्रेस नेता ने कहा कि वर्तमान में अमेरिका और ईरान के बीच पश्चिम एशिया में युद्ध रोकने को लेकर महत्वपूर्ण बातचीत चल रही है. इस समझौते का सीधा असर होर्मुज जलडमरूमनध्य के खुलने और वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में कमी के रूप में दिखेगा, जिसमें भारत का बहुत बड़ा हित छिपा है.
हालांकि, लेबनान में इजरायल के सैन्य अभियानों के कारण यह समझौता अब तक अंतिम रूप नहीं ले सका है.
जयराम रमेश ने अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए कहा कि खुद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के इस रवैये पर कड़ा गुस्सा जाहिर किया है.
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर यह भी दावा किया कि उनके हस्तक्षेप के बाद इजरायल ने बेरूत पर बड़ा हमला रोक दिया.
कांग्रेस का आरोप है कि जहां दुनिया के कई देश लेबनान में इजरायली आक्रामकता की निंदा कर रहे हैं, वहीं प्रधानमंत्री मोदी इस पूरे घटनाक्रम और अमेरिका-ईरान समझौते में आ रही बाधाओं पर पूरी तरह मौन साधे हुए हैं.