ईरान समझौता करने को उत्सुक, लेकिन हम अभी संतुष्ट नहीं- ट्रंप
वाशिंगटन । डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में कैबिनेट की एक बैठक के दौरान कहा कि ईरान अमेरिका के साथ एक नया समझौता करने के लिए बेहद उत्सुक है, लेकिन फिलहाल अमेरिका उनकी शर्तों से संतुष्ट नहीं है. ट्रंप ने संवाददाताओं से बातचीत में साफ किया कि बातचीत आगे बढ़ रही है, लेकिन जब तक अमेरिका पूरी तरह संतुष्ट नहीं हो जाता, तब तक कोई अंतिम फैसला नहीं होगा.
उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में यह भी कहा कि या तो ईरान शर्तों को मानेगा या फिर अमेरिका "काम तमाम करने" का रास्ता चुनेगा.
इस दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने सामरिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण जलमार्ग 'हॉर्मुज जलडमरूमध्य' का भी जिक्र किया. उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान के साथ होने वाले किसी भी समझौते के तहत इस जलमार्ग पर किसी भी एक देश का नियंत्रण नहीं होगा और यह सभी के लिए खुला रहेगा.
ट्रंप ने कहा, "हम इस पर नजर रखेंगे, लेकिन कोई भी इस पर एकाधिकार नहीं जमा सकता. यह हमारी बातचीत का एक अहम हिस्सा है."
दूसरी ओर, व्हाइट हाउस की प्रवक्ता ओलिविया वेल्स ने भी बुधवार को पुष्टि की कि ईरान के साथ बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने इस समझौते को लेकर अपनी 'रेड लाइन्स' पूरी तरह स्पष्ट कर दी हैं, जिससे समझौता तभी संभव होगा जब अमेरिका के हितों की पूरी रक्षा हो.