रायपुर में 10 व 13 मई को IPL मैच होगा
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आगामी 10 और 13 मई को होने वाले टाटा आईपीएल टी-20 मैचों की मेजबानी के लिए राज्य शासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में विभिन्न विभागों के आला अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें उन्होंने आयोजन को सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं.
10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच मुकाबला होगा, जबकि 13 मई को RCB की भिड़ंत कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से होगी.
इन हाई-प्रोफाइल मैचों के दौरान दर्शकों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस कमिश्नर को विशेष ट्रैफिक और पार्किंग प्लान बनाने के साथ ही पूरे स्टेडियम क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों का जाल बिछाने के निर्देश दिए गए हैं.
कलेक्टर रायपुर की अध्यक्षता में गठित विशेष समिति पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति, सड़क और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं की निगरानी करेगी.
हालांकि आयोजन की मुख्य जिम्मेदारी बीसीसीआई और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की है, लेकिन प्रशासन ने फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस के लिए समर्पित इमरजेंसी रूट सुनिश्चित करने के साथ ही हर स्तर पर चाक-चौबंद व्यवस्था का भरोसा दिलाया है.
बैठक में लोक निर्माण, पीएचई, खेल और ऊर्जा विभाग के सचिवों सहित पुलिस और क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिन्होंने इस क्रिकेट महाकुंभ के लिए अपनी मुस्तैदी जाहिर की है.