अंतरिम व्यापार समझौते में किसानों और MSME के हित सुरक्षित: पीयूष गोयल
नई दिल्ली । डेस्क: केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारत और अमेरिका के बीच हुए ऐतिहासिक अंतरिम व्यापार समझौते की सराहना की. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह समझौता भारतीय निर्यात और अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगा, जबकि देश के किसानों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) के हितों को पूरी तरह सुरक्षित रखा गया है.
गोयल ने बताया कि इस समझौते के तहत विमान के पुर्जे, फार्मास्यूटिकल्स, रत्न-आभूषण, हस्तशिल्प और कपड़ा जैसे कई प्रमुख क्षेत्रों पर अमेरिकी टैरिफ को 50 प्रतिशत से घटाकर शून्य कर दिया गया है. इसके अतिरिक्त, नारियल, काजू, आम और पपीते जैसे कई कृषि उत्पादों को भी अमेरिकी बाजार में जीरो-ड्यूटी एक्सेस मिलेगा.
वाणिज्य मंत्री ने जोर देकर कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों जैसे मांस, डेयरी, जेनेटिकली मॉडिफाइड फसलों और प्रमुख अनाजों पर अमेरिका को कोई शुल्क राहत नहीं दी गई है.
उन्होंने यह भी बताया कि भारत को इस डील के जरिए सेमीकंडक्टर जैसी उन्नत अमेरिकी तकनीक हासिल होगी, जिससे देश के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मिशन को बल मिलेगा.
समझौते के अनुसार, भारत अगले पांच वर्षों में 500 बिलियन डॉलर मूल्य के अमेरिकी सामान खरीदने की योजना बना रहा है, जबकि दोनों देश पूर्ण द्विपक्षीय व्यापार समझौते के लिए बातचीत जारी रखेंगे. गोयल ने विश्वास व्यक्त किया कि 30 ट्रिलियन डॉलर की अमेरिकी अर्थव्यवस्था के दरवाजे खुलने से भारतीय निर्यातकों और कारीगरों के लिए विकास के नए अवसर पैदा होंगे.