अमेरिका में भारतीय युवक की गोली मारकर हत्या
नई दिल्ली । डेस्क: अमेरिका के फिलाडेल्फिया में तेलंगाना के रहने वाले एक भारतीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान अंशुल कुंचा के रूप में हुई है, जो फिलाडेल्फिया में एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में कार्यरत थे. वह अपनी अतिरिक्त कमाई के लिए एक ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी में पार्ट-टाइम काम भी करते थे.
जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात अंशुल के पास एक पिज्जा डिलीवरी का ऑर्डर आया था. जब वह दिए गए पते पर पहुंचे, जो कि एक सुनसान इलाका था, तो वहां घात लगाए बैठे हमलावरों ने उनके सिर पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर अंशुल का शव बरामद किया.
शुरुआती जांच और मृतक के परिजनों के बयानों ने इस मामले में गहरी साजिश की ओर इशारा किया है. परिजनों का कहना है कि अंशुल के पास से कोई भी कीमती सामान या नकदी गायब नहीं हुई है.
इससे पहले भी अंशुल के साथ लूटपाट की एक घटना हो चुकी है, जिसमें बदमाशों ने उनकी सोने की चेन, घड़ी और पैसे लूट लिए थे. लेकिन इस बार उनके सामान को न छुए जाने के कारण परिवार का दावा है कि यह कोई लूटपाट की वारदात नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश और 'प्लान्ड मर्डर' है. बदमाशों ने उन्हें मारने के लिए ही पिज्जा ऑर्डर का जाल बुना था.
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, हमलावर संख्या में दो थे, जिन्होंने अपने चेहरे ढक रखे थे और पीठ पर बैग टांग रखा था. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है.
इस बीच, मृतक अंशुल के शोकाकुल परिवार ने भारत सरकार से गुहार लगाई है कि उनके बेटे के शव को जल्द से जल्द देश वापस लाने का प्रबंध किया जाए.