चिटगांव में भारतीय वीजा केंद्र अनिश्चितकाल के लिए बंद
नई दिल्ली । डेस्क: बांग्लादेश के चिटगाँव स्थित भारतीय वीजा आवेदन केंद्र (IVAC) ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए रविवार से अपनी सभी सेवाओं को अनिश्चितकाल के लिए निलंबित कर दिया है. यह निर्णय चटगाँव में भारतीय सहायक उच्चायोग (AHCI) में हुई एक हालिया सुरक्षा घटना के बाद लिया गया है.
IVAC बांग्लादेश द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, वीजा केंद्र अब स्थानीय सुरक्षा स्थिति की गहन समीक्षा के बाद ही दोबारा खोला जाएगा.
यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब बांग्लादेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है. हाल ही में मैयमनसिंह में ईशनिंदा के आरोपों में 27 वर्षीय हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद इलाके में भारी आक्रोश है.
इस मामले में मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने अब तक 10 लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है.
इसके साथ ही, राजधानी ढाका में 'इंकलाब मंच' के संयोजक शरीफ उस्मान हादी की गोली मारकर हत्या के बाद भी तनाव चरम पर है, जिसके विरोध में कल शाहबाग में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए. इन तमाम हिंसक घटनाओं और सुरक्षा जोखिमों को देखते हुए फिलहाल वीजा सेवाओं को रोकना अनिवार्य समझा गया है.