होर्मुज से 46650 MT LPG लेकर सुरक्षित निकला भारतीय जहाज 'ग्रीन सान्वी'
नई दिल्ली । डेस्क: पश्चिम एशिया में जारी भारी तनाव और समुद्री नाकेबंदी की खबरों के बीच, भारत के लिए राहत भरी खबर आई है. आधिकारिक सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, भारत के झंडे वाला एक विशाल गैस वाहक जहाज 'ग्रीन सान्वी' शुक्रवार रात होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित पार कर गया.
यह जहाज लगभग 46,650 मीट्रिक टन तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (LPG) लेकर आ रहा है. ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से इस मार्ग को बेहद संवेदनशील माना जाता है, विशेषकर तब जब क्षेत्र में सैन्य संघर्ष के कारण वैश्विक ईंधन आपूर्ति पर संकट मंडरा रहा हो.
क्षेत्र में सुरक्षा की स्थिति को देखते हुए भारतीय नौसेना के युद्धपोत व्यापारिक जहाजों की सहायता के लिए 'स्टैंडबाय' पर रखे गए हैं.
इसी कड़ी में एक अन्य एलपीजी शिपमेंट 'एमटी जग वसंत' भी 47,000 मीट्रिक टन गैस लेकर 28 मार्च को गुजरात के जामनगर स्थित वाडिनार टर्मिनल पहुंचा.
केंद्र सरकार इस तनावपूर्ण स्थिति में भारतीय जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए ईरानी अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क में है.
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव मुकेश मंगल ने एक अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में स्पष्ट किया कि फारस की खाड़ी में मौजूद सभी भारतीय जहाज और चालक दल सुरक्षित हैं और उनकी बारीकी से निगरानी की जा रही है.
वर्तमान में इस क्षेत्र में करीब 485 भारतीय नाविकों के साथ 18 जहाज मौजूद हैं.
वहीं, सुरक्षा कारणों से अब तक 964 से अधिक नाविकों और लगभग 5,98,000 यात्रियों को वापस भारत लाया जा चुका है. गौरतलब है कि 28 फरवरी को ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच शुरू हुए हमलों के बाद से इस क्षेत्र में सुरक्षा संकट गहराया हुआ है. Symbolic Photo