रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग लाने की तैयारी में INDIA गठबंधन

C

CG Khabar

09 मार्च 2026, 02:31 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

CEC ज्ञानेश कुमार
CEC ज्ञानेश कुमार

नई दिल्ली । डेस्क: विपक्षी दलों के 'INDIA' गठबंधन ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने की तैयारी शुरू कर दी है. सूत्रों के अनुसार, संसद भवन में कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में हुई बैठक में तृणमूल कांग्रेस की सांसद शताब्दी रॉय ने इस मुद्दे को मजबूती से उठाया. 


तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन के दौरान बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, जिसके विरोध में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 6 मार्च से ही प्रदर्शन कर रही हैं. बैठक में मौजूद अन्य विपक्षी नेताओं ने भी इस सुझाव पर सहमति जताई है.

विज्ञापन


विपक्ष अब इस रणनीति पर काम कर रहा है कि इस प्रस्ताव को संसद के किस सदन में पेश किया जाए. 


विपक्षी नेताओं का दावा है कि उनके पास किसी भी सदन में प्रस्ताव पेश करने के लिए आवश्यक संख्या बल मौजूद है. 


संविधान के अनुच्छेद 324(5) के तहत मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की प्रक्रिया सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के समान ही है, जिसके लिए दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होती है. 


राज्यसभा में प्रस्ताव पेश करने के लिए कम से कम 50 और लोकसभा के लिए 100 सदस्यों के हस्ताक्षर जरूरी हैं. 


यदि प्रस्ताव पेश होता है, तो सदन के सभापति को आरोपों की जांच के लिए एक विशेष समिति गठित करनी होगी, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की वोटिंग प्रक्रिया और राष्ट्रपति का अंतिम आदेश तय होगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP