अवैध रेत कारोबार का आधी रात खुलासा, MLA ने की छापेमारी
बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर में विधायक विक्रम मंडावी ने देर रात करीब 2 बजे मिंगाचल नदी पहुंचकर चल रहे अवैध रेत खनन का भंडाफोड़ किया है. विधायक की इस औचक छापेमारी से मौके पर हड़कंप मच गया.
कार्रवाई के दौरान नदी के भीतर से रेत निकालते हुए बड़ी संख्या में जेसीबी (JCB), पोकलेन मशीनें, टिप्पर और ट्रैक्टर रंगे हाथों पकड़े गए. माफियाओं को रंगे हाथ दबोचने के बाद विधायक मंडावी ने बिना वक्त गंवाए तत्काल खनिज विभाग और पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों को मौके पर तलब किया, जिसके बाद वाहनों को जब्त करने की सख्त कार्रवाई शुरू की गई.
गौरतलब है कि बस्तर संभाग में अवैध रेत का यह काला कारोबार लंबे समय से सुर्खियों में बना हुआ है.
हाल ही में अंबिकापुर क्षेत्र में अवैध खनन के कारण एक दर्दनाक हादसा हुआ था, जिसमें कई लोगों की जान चली गई थी.
इस भीषण हादसे के बाद भी रेत माफियाओं के हौसले पस्त होने का नाम नहीं ले रहे हैं. अब स्थानीय स्तर पर यह बड़ा सवाल उठने लगा है कि करोड़ों रुपये के इस अवैध खेल को आखिर किसका राजनीतिक या प्रशासनिक संरक्षण प्राप्त है.
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि प्रशासन की नाक के नीचे यह अवैध उत्खनन महीनों से धड़ल्ले से जारी है.
जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार आवाज उठाने के बावजूद इस पर कोई ठोस लगाम नहीं कसी जा रही थी.
बहरहाल, विधायक की इस बड़ी आधी रात की कार्रवाई के बाद अब जिले में सक्रिय रेत माफियाओं के खिलाफ चौतरफा शिकंजा कसने और सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग तेज हो गई है.