दुर्ग संभाग में भी चलेगा 'IED free village'- विजय शर्मा
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने राज्य की सुरक्षा और राजनीतिक गलियारों में चल रही अटकलों को लेकर कई बड़े बयान दिए हैं. दुर्ग के सर्किट हाउस में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने घोषणा की कि बस्तर में मिली सफलता के बाद अब दुर्ग संभाग के संवेदनशील इलाकों जैसे मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, साल्हेवारा और खैरागढ़ के गांवों को नक्सली आईईडी (विस्फोटकों) के खतरे से मुक्त कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा.
बस्तर के इस सफल सुरक्षा मॉडल को अब इन क्षेत्रों में भी लागू किया जा रहा है.
राष्ट्रीय सुरक्षा और अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाते हुए गृहमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान के लिए सघन जांच जारी है. शुरुआती चरण में करीब 50 संदिग्धों को चिह्नित किया जा चुका है और कानूनी प्रक्रिया पूरी होते ही उन्हें डिपोर्ट करने की कार्रवाई शुरू की जाएगी.
उन्होंने देश की सीमा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार की नीतियों का पुरजोर समर्थन किया और कहा कि सीमा सुरक्षा बल को आवश्यक बुनियादी ढांचा विकसित करने के लिए जमीन मुहैया कराई गई है.
दिल्ली के राजनीतिक गलियारों और संगठन में कोई बड़ी जिम्मेदारी मिलने की चर्चाओं पर विजय शर्मा ने स्थिति साफ की. पश्चिम बंगाल चुनाव में उनकी सक्रिय भूमिका को लेकर लग रहे कयासों पर उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं है.
खुद को भारतीय जनता पार्टी का एक अनुशासित और जमीनी कार्यकर्ता बताते हुए उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा तय किया गया हर फैसला उन्हें शिरोधर्य होगा. बंगाल में भाजपा को मिली कामयाबी पर बात करते हुए उन्होंने इसे किसी एक नेता की नहीं बल्कि स्थानीय जनता और देश भर के कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया.
केंद्र में एनडीए सरकार के शानदार 12 वर्ष पूरे होने पर आयोजित इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में गृहमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश ने सुरक्षा, स्वाभिमान और विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं. इस खास मौके पर दुर्ग ग्रामीण के विधायक ललित चंद्राकर और महापौर अलका बाघमार सहित भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और स्थानीय कार्यकर्ता भी मौजूद रहे.