शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

माओवादी गजराला रवि की शव यात्रा में उमड़ी भीड़

H

Hupendra Sharma

20 जून 2025, 12:27 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

शव यात्रा
शव यात्रा

जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य तेलंगाना में सीपीआई माओवादी पार्टी के सेंट्रल कमेटी मेंबर माओवादी गजराला रवि उर्फ उदय की शव यात्रा निकाली गई. शव यात्रा में काफी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए. 


गजराला की शव यात्रा के वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि उसके शव को फूलों से सजे एक वाहन में रखकर नगर भ्रमण कराया गया.


शव यात्रा में बैंड बजाते और नारे लगाते हुए काफी संख्या में ग्रामीण चल रहे थे. मुठभेड़ के बाद तेलंगाना पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया था.


आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू ज़िले के मारेडुमिल्ली जंगलों में 18 जून को ग्रेहाउंड्स फोर्स ने गजराला रवि समेत 3 माओवादियों को एक मुठभेड़ में मार गिराया था.


गजराला रवि उन माओवादी नेताओं में शामिल था, जिन्होंने पीपुल्स वार ग्रुप में रहते हुए, 2004-05 में तत्कालीन मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी के कार्यकाल के दौरान राज्य सरकार के साथ शांति वार्ता में भाग लिया था.


गजराला रवि तेलंगाना के वेलिशाला इलाके का रहने वाला था. वह पिछले कई सालों से माओवादी संगठन में सक्रिय था.


उसके काम और मेहनत को देखते हुए नक्सल संगठन ने उसे सेंट्रल कमेटी में शामिल किया था. उसे एओबीएसजेडसी (आंध्र-ओडिशा बॉर्डर स्पेशल जोनल कमेटी) का सदस्य भी बनाया गया था.


उस पर 40 लाख रुपए का इनाम घोषित था. रवि कई बड़े हमलों का मास्टरमाइंड माना जाता था.


इस मुठभेड़ में रवि के अलावा छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में मारे गए पोलित ब्यूरो सदस्य अप्पा राव उर्फ चलपति की पत्नी अरुणा उर्फ वेंकट चैतन्य या रवि चैतन्य भी मारी गई.


अरुणा आंध्र प्रदेश ज़ोनल कमेटी की सदस्य थी. इस पर भी 20 लाख का इनाम था.इस मुठभेड़ में एक नक्सली अंजू भी मारा गया था.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP