रायपुर में प्रधान आरक्षक ने की खुदकुशी
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में एक और पुलिस जवान ने आत्महत्या कर ली है. राजधानी रायपुर में पदस्थ प्रधान आरक्षक ने फांसी लगाकर खुदकुशी की है. जवान का शव पुलिस लाइन के सामुदायिक भवन के बाहर मिला है.
जवान ने किस कारण से आत्महत्या की है फिलहाल इसकी जानकारी नहीं हो पाई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
यह पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है. बीती रात को करीब 10.30 बजे पुलिस लाइन के सामुदायिक भवन के बाहर कुछ लोगों ने लाश लटकती हुई देखी.
तत्काल इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की तो शव प्रधान आरक्षक रामआश्रा पोर्ते का निकला.
मृतक प्रधान आरक्षक एमटीपी शाखा में पदस्थ था. पुलिस टीम ने पंचनामा के बाद लाश को नीचे उतारा, फिर परिजनों को इसकी सूचना दी.
बताया गया कि मृतक आरक्षक बीते हफ्ते छुट्टी पर गया था. लेकिन वापस आने के बाद कुछ अधिकारियों से उसका विवाद हुआ था. जिसके बाद से वह परेशान था.
फिलहाल पुलिस ने लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं यह भी पता चला है कि मृतक जवान शराब का आदी था.