गुवाहाटी होटल शूटआउट: मुख्य आरोपी घनकांत गोगोई असम पुलिस एनकाउंटर में ढेर
गुवाहाटी होटल में 5 लोगों की हत्या के मुख्य आरोपी घनकांत गोगोई को पुलिस जब बैंक धोखाधड़ी मामले में ले जा रही थी, तब उसने कस्टडी से भागने की कोशिश की और पुलिस मुठभेड़ में मारा गया.
गुवाहाटी । डेस्क: असम के गुवाहाटी में 26 अक्टूबर को हुए भीषण होटल शूटआउट के मुख्य आरोपी घनकांत गोगोई (34) को पुलिस ने बुधवार 4 नवंबर 2026 को एक कथित एनकाउंटर में ढेर कर दिया. यह मुठभेड़ तड़के करीब 3:10 बजे शिवसागर जिले के गौरीसागर थाना क्षेत्र के फुलपानीछिगा में हुई.
शिवसागर पुलिस आरोपी गोगोई को साल 2024 के एक बैंक धोखाधड़ी मामले के सिलसिले में गुवाहाटी से शिवसागर ले जा रही थी. शिवसागर की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) पापरी चेतिया के अनुसार, रास्ते में गोगोई ने लघुशंका के बहाने वाहन रुकवाया.
इसके बाद उसने साथ चल रही पुलिस टीम पर हमला कर हिरासत से भागने का प्रयास किया और एक अधिकारी की सर्विस रिवॉल्वर छीनने की कोशिश की. हाथापाई के दौरान रिवॉल्वर से तीन राउंड गोलियां चलीं, जिसमें एक पुलिस अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गया.
स्थिति को नियंत्रित करने और आरोपी को भागने से रोकने के लिए पुलिसकर्मी को अपनी सर्विस पिस्टल का इस्तेमाल करना पड़ा, जिससे गोगोई मारा गया.
इससे पहले 3 नवंबर 2026 को गुवाहाटी अदालत ने गोगोई की सात दिन की पुलिस रिमांड खत्म होने पर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया था, जिसके बाद शिवसागर पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट के आधार पर उसे बैंक धोखाधड़ी के मामले में अपनी कस्टडी में लिया था.
गोगोई के वकील ने पहले ही पुलिस कस्टडी में उसकी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी, जिस पर अदालत ने नियमित मेडिकल जांच और सुरक्षा के निर्देश दिए थे.
गोगोई पर 26 अक्टूबर को एक होटल में गोलीबारी कर पांच लोगों—भूदेव भराली (65), हेलेना भराली (58), देबर्षि कश्यप (39), रिनिका कश्यप (30) और नारायण दास (48) की हत्या करने का आरोप था. इस घटना में एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ था.
असम पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) की जांच में सामने आया कि यह विवाद होटल के लीज, नवीनीकरण खर्च और वित्तीय व्यवस्था से जुड़ा था. गोगोई ने 10 सितंबर 2025 को भराली परिवार से 1.8 लाख रुपये मासिक किराये पर होटल लीज पर लिया था. गोगोई ने वारदात में इस्तेमाल .32-बोर की पिस्टल और 40 कारतूस अक्टूबर 2024 में नागालैंड के दीमापुर से करीब 3 लाख रुपये में खरीदे थे.
असम में मई 2021 से अब तक कथित पुलिस एनकाउंटर की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं. 24 जनवरी तक राज्य में 210 पुलिस मुठभेड़ की दर्ज घटनाओं में 80 से अधिक लोगों की मौत और 180 से अधिक लोग घायल हुए हैं. मानवाधिकार संगठनों के अनुसार मई 2021 से जनवरी 2024 के बीच ऐसी घटनाओं में 20 गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि पुलिस का कहना है कि ज्यादातर संदिग्धों ने कस्टडी से भागने या हथियार छीनने की कोशिश की थी.