गुजरात: छत्तीसगढ़ पुलिस की कस्टडी से भागने के लिए होटल के खिड़की से कूदा नशीले पदार्थों की तस्करी का आरोपी
महासमुंद के सिंघोड़ा थाने में दर्ज NDPS केस के आरोपी जावेद वोहरा को छत्तीसगढ़ पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर ले जा रही थी. धोलका के एक होटल में रुकने के दौरान उसने बाथरूम की खिड़की से कूदकर भागने की कोशिश की, जिससे वह घायल हो गया.
अहमदाबाद । डेस्क: छत्तीसगढ़ के एक बड़े नशीले पदार्थों के मामले में गिरफ्तार 43 वर्षीय आरोपी ने सोमवार सुबह धोलका स्थित एक होटल के कमरे की खिड़की से कूदकर पुलिस हिरासत से भागने की कथित कोशिश की. इस घटना में उसके माथे, नाक, दाहिने हाथ और कमर में चोटें आईं, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अहमदाबाद के एक अस्पताल में रेफर किया गया है.
आनंद जिले के बोरसद निवासी आरोपी जावेद वोहरा को छत्तीसगढ़ पुलिस की एक टीम ने 22 नवंबर को महासमुंद जिले के सिंघोड़ा पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के तहत दर्ज एक मामले में गिरफ्तार किया था. छत्तीसगढ़ पुलिस की यह टीम वाणिज्यिक मात्रा में नशीले पदार्थों से जुड़े दो मामलों में संदिग्धों की तलाश करने के लिए गुजरात आई थी.
छत्तीसगढ़ पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर द्वारा 23 नवंबर को धोलका टाउन पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, वोहरा को स्थानीय पुलिस की मदद से बोरसद से गिरफ्तार किया गया था. पुलिस टीम ने उसका मोबाइल फोन जब्त किया और उसे छत्तीसगढ़ ले जाने के लिए बोरसद की एक अदालत से पांच दिनों की ट्रांजिट रिमांड हासिल की.
एक सब-इंस्पेक्टर और तीन कांस्टेबलों वाली यह पुलिस टीम एक अन्य संदिग्ध की गिरफ्तारी के बाद धोलका पहुंची और रविवार शाम करीब 7 बजे कालिकुंड के एक होटल में रुकी. टीम होटल के कमरा नंबर 112 में ठहरी हुई थी.
सोमवार सुबह करीब 7 बजकर 05 मिनट पर जावेद वोहरा ने शौचालय जाने के लिए कहा. तीन कांस्टेबल उसे कमरे से जुड़े बाथरूम तक ले गए, जहां उसने कथित तौर पर खिड़की खोली और भागने के इरादे से नीचे कूद गया.
पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और 108 एंबुलेंस की मदद से धोलका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए. वहां डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए अहमदाबाद के एक अस्पताल में रेफर कर दिया.
धोलका टाउन पुलिस ने कानूनी हिरासत से भागने की कथित कोशिश करने के आरोप में बीएनएस (BNS) की धारा 262 के तहत मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी जावेद वोहरा का फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है.