धमतरी में दिनदहाड़े युवती के अपहरण की कोशिश नाकाम, एक आरोपी गिरफ्तार
धमतरी के मगरलोड थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक युवती का अपहरण कर मारपीट करने का सनसनीखेज प्रयास ग्रामीणों की सूझबूझ से विफल हो गया. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और फरार मुख्य आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है.
धमतरी । डेस्क: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक युवती को अगवा करने की कोशिश करने वाले आरोपियों के विरुद्ध पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में मगरलोड पुलिस ने मामले में संलिप्त संदेही आरोपी ग्राम गिरौद निवासी 20 वर्षीय पुष्पेन्द्र यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहाँ जुर्म स्वीकार करने के बाद उसे गिरफ्तार कर रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
पुलिस ने शिकायत प्राप्त होते ही भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 74, 140(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की थी, जिसके तहत अब फरार चल रहे मुख्य आरोपी मनमोहन साहू की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार जुटी हुई हैं.
इस पूरे घटनाक्रम में युवती के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों की सतर्कता के चलते आरोपियों के मंसूबे पूरी तरह नाकाम हो गए. जब आरोपी युवती को जान से मारने की धमकी देते हुए ग्राम परसवानी, भोथीडीह और राजिम के रास्ते बोरसी पुरैना मोड़ की तरफ लेकर जा रहे थे, तभी युवती को ले जाने की भनक लगते ही परिजन कैलाश साहू और ग्रामीणों ने बोरसी पुरैना मोड़ के पास घेराबंदी कर ली.
खुद को चारों तरफ से घिरा पाकर मुख्य आरोपी मनमोहन साहू अपनी बाइक (क्रमांक CG 04 PR 3899) को घटनास्थल पर ही छोड़कर भाग निकला, जिससे युवती को सुरक्षित बचा लिया गया.
दरअसल, यह सनसनीखेज वारदात 23 नवंबर की सुबह उस वक्त हुई, जब ग्राम सेन्हाभाठा की रहने वाली एक युवती अपने होटल से सामान छोड़कर स्कूटी से वापस घर लौट रही थी. इसी दौरान मेघा क्रिकेट मैदान के पास बाइक सवार दो युवकों ने उसका पीछा करना शुरू किया और सेन्हाभाठा प्राथमिक शाला के समीप उसका रास्ता रोक लिया.
वहाँ मुख्य आरोपी मनमोहन साहू ने युवती के साथ बदसलूकी एवं अश्लील हरकत करते हुए उसे जबरन अपनी बाइक पर बैठा लिया, और जब युवती ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसका मुंह दबाकर दांत से गाल पर काट लिया, जिससे वह घायल हो गई.