ISS की यात्रा करने वाले ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को अशोक चक्र
नई दिल्ली । डेस्क: गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सशस्त्र बलों के 70 कर्मियों के लिए वीरता पुरस्कारों को मंजूरी दे दी है. इस सूची में सबसे प्रमुख नाम ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का है, जिन्हें भारत के सर्वोच्च शांति कालीन वीरता पुरस्कार 'अशोक चक्र' से सम्मानित किया गया है.
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की यात्रा करने वाले पहले भारतीय बनकर इतिहास रच चुके हैं.
पिछले साल जून में 'एक्सिओम-4' मिशन के हिस्से के रूप में अंतरिक्ष में जाने वाले वे दूसरे भारतीय बने. उनकी यह 18 दिवसीय अंतरिक्ष यात्रा विंग कमांडर राकेश शर्मा के 1984 के मिशन के 41 साल बाद सफल हुई है.
एक अनुभवी फाइटर पायलट के रूप में शुभांशु शुक्ला के पास Su-30 MKI, MiG-21, और जगुआर जैसे विभिन्न विमानों पर 2,000 घंटे से अधिक की उड़ान का अनुभव है.
राष्ट्रपति द्वारा अनुमोदित इन पुरस्कारों में एक अशोक चक्र के अलावा तीन कीर्ति चक्र और 13 शौर्य चक्र भी शामिल हैं.
कीर्ति चक्र से सम्मानित होने वाले वीरों में मेजर अर्शदीप सिंह, नायब सूबेदार डोलेश्वर सुब्बा और ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालकृष्णन नायर के नाम शामिल हैं. कुल 70 पुरस्कारों में से छह सम्मान मरणोपरांत दिए गए हैं, जो राष्ट्र के प्रति सैनिकों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को रेखांकित करते हैं.