शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

GPM: ट्रैक्टर-टैंकर पलटा, इंजन के नीचे दबने से चालक की मौत

C

CG Khabar

29 अग. 2026, 06:04 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

सड़क दुर्घटना
सड़क दुर्घटना

पेन्ड्रा । संवाददाता: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 45 पर तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ. हाईवे निर्माण कार्य में लगे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-टैंकर के बीच सड़क पर पलट जाने से खोडरी निवासी चालक रोहित प्रजापति की इंजन के नीचे दबने से दर्दनाक मौत हो गई. 


इस दुखद हादसे की खबर खोडरी गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार हो रही इन घटनाओं ने निर्माण कार्य के दौरान अपनाई जाने वाली सुरक्षा व्यवस्था और वाहनों की गति सीमा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.


प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा खोडरी चौकी अंतर्गत जोगीसार गांव के समीप उस वक्त हुआ जब ट्रैक्टर-टैंकर निर्माण कार्य के सिलसिले में जा रहा था. अचानक वाहन से नियंत्रण खो देने के कारण ट्रैक्टर-टैंकर सड़क के बीचो-बीच पलट गया, जिससे चालक रोहित प्रजापति भारी इंजन के नीचे फंस गए. 


घटना के तुरंत बाद घटनास्थल पर राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. लोगों ने काफी मशक्कत कर चालक को बाहर निकालने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन इंजन का वजन अधिक होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया.


हादसे की सूचना मिलने के तुरंत बाद खोडरी चौकी प्रभारी सनत मात्रे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी प्रयासों के बाद शव को बाहर निकलवाया और आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा व पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी भिजवाया. 


पुलिस की शुरुआती पड़ताल में यह बात सामने आई है कि दुर्घटना के समय वाहन में केवल रोहित ही मौजूद थे और प्रथम दृष्टया हादसे की वजह तेज रफ्तार के कारण वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच शुरू कर दी है, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP