पाकिस्तान में सोने की चमक फीकी, चांदी बनी पहली पसंद
लाहौर । डेस्क: पाकिस्तान के सर्राफा बाजार में इन दिनों एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है, जहाँ सोने की आसमान छूती कीमतों के कारण अब छोटे और बड़े निवेशक चांदी की ओर रुख कर रहे हैं. लाहौर, कराची और इस्लामाबाद के जौहरियों के अनुसार, सोने के गहनों का पारंपरिक रिवाज अब निवेश के उद्देश्य से चांदी के बिस्कुट और बार खरीदने में बदल गया है.
पिछले एक साल में चांदी की कीमतों में हुई भारी बढ़ोतरी ने इसे एक आकर्षक विकल्प बना दिया है.
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक स्तर पर अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और डोनाल्ड ट्रंप की अनिश्चित विदेशी नीतियों के कारण अंतरराष्ट्रीय बुलियन मार्केट में भारी उतार-चढ़ाव आ रहा है.
इसके अलावा, चीन द्वारा अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड बेचकर बड़े पैमाने पर सोना खरीदने से भी वैश्विक कीमतों को समर्थन मिल रहा है.
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि आने वाले समय में ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात तक बाजार में इसी तरह की अस्थिरता बनी रह सकती है, जिससे निवेशक अब 'सेफ हेवन' के तौर पर चांदी को अधिक तरजीह दे रहे हैं.